Friday, February 5, 2021

तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे -सत्यपाल पथिक। -Lyrics

 





















तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, =2
कुछ बोलने से पहले गूंगी ज़बान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे=2

भगवन तुमसे बढ़ कर दुनिया में कौन होगा =2
अब तक नहीं मिला जो तेरे समान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, तेरी अपार महिमा।

तेरी महानता की सीढ़ी को छू न पाए =2
दुनिया में कोई चाहे इतना महान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, तेरी अपार महिमा।

जिस आदमी के सर पर करुणा का हाथ रख दे =2
उसकी हर एक मुश्किल पल में आसान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, तेरी अपार महिमा।

जीवन में लोग तुझको पहले नहीं बुलाते=2
तब पथिक याद करते जब लब पे जान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, तेरी अपार महिमा।

तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे, =2
कुछ बोलने से पहले गूंगी ज़बान होवे।
तेरी अपार महिमा कैसे बयान होवे=2

 -सत्यपाल पथिक।

Saturday, December 7, 2019

प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा - Lyrics


प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा-२
उसकी बुद्धि को निर्मल-२ निश्चय भगवान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।

जो सुबह शाम निज मन से भगवान पे ध्यान लगाये।-२
ह्रदय रूपी शीशे का सब जमा मैल धुल जाये।
सत्संग ज्ञान गन्गा में-२ मल-मल स्नान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।

प्रभु सत्य न्याय करता है ऐसा उसको पहचाना-२
कण-कण रमा है प्यारा नहीं उसका एक ठिकाना।-२
फिर परमेश्वर से दोखा-२ न कोई इन्सान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।

विषयो से मन हट जाये कर जाएँ व्यसन किनारा-२
शुभ कर्म में लगन लगा ले यदि चाहे तू निस्तारा-२
जैसा कोई कर्म करेगा-२, वैसा भुक्तान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।

सारे जीवन का लेखा जब देखेगा न्यायकारी-२
शुभ-अशुभ कर्म सब तेरे आयेंगे सभी अगारी-२
राघव वही पार हुआ-२, जो ना अभिमान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।
उसकी बुद्धि को निर्मल-२ निश्चय भगवान करेगा।
प्रभु नाम के अमृत रस का जो प्राणी पान करेगा।

यह गीत यहाँ से प्राप्त करें

Monday, December 17, 2018

क्षण व कण की जीवन में महिमा।

क्षण व कण की जीवन में महिमा। क्षणशः कणशश्चैव विद्यामर्थं च साधयेत् । क्षणे नष्टे कुतो विद्या कणे नष्टे कुतो धनम् ॥ एक एक क्षण गवाये बिना विद्या पानी चाहिए; और एक एक कण बचा करके धन ईकट्ठा करना चाहिए । क्षण गवानेवाले को विद्या कहाँ, और कण को क्षुद्र समजनेवाले को धन कहाँ ?



Sunday, September 2, 2018

योगेश्वर श्री कृष्ण

योगेश्वर श्री कृष्ण

श्री कृष्ण जी महात्मा, धर्मात्मा, धर्मरक्षक, दुष्टनाशक, परोपकारी, सदाचारी श्रेष्ठ पुरूष थे। आज से लगभग पांच हजार वर्ष पूर्व कौरव पाण्डव के समय में वे हुए थे। उस समय में महर्षि वेद व्यास रचित ‘ग्रन्थ ‘महाभारत’ में श्री कृष्ण जी का बड़ा ही पवित्र जीवन चरित्र मिलता है। बहुत बाद में किसी धूर्त, स्वार्थी, व्याभिचारी व्यक्ति ने ‘‘भागवत पुराण’ नाम से पुस्तक लिख दी, जिसमें उसने श्री कृष्ण जी के जीवन के साथ बहुत सी गलत बातें जोड़ दीं- सम्भवतः उसने अपने दोषों को ढांपने के लिए ऐसा किया। महर्षि दयानन्द के शब्दों में ‘‘सत्यार्थप्रकाश’ से- ‘देखो! श्री कृष्ण जी का इतिहास महाभारत में अत्युत्तम है। उनका गुण, कर्म, स्वभाव और चरित्र आप्त पुरूषों के सदृश है। जिसमें कोई अधर्म का आचरण श्री कृष्ण जी ने जन्म से मरणपर्यन्त बुरा काम कुछ भी किया हो ऐसा नहीं लिखा और इस भागवत वाले ने अनुचित मनमाने दोष लगाए हैं। दूध, दही, मक्खन आदि की चोरी और कुब्जा दासी से समागम, परस्त्रियों से रासमण्डल, क्रीड़ा आदि मिथ्या दोष श्री कृष्ण जी में लगाए हैं। इसको पढ़ पढ़ा, सुन सुना के अन्य मतवाले श्री कृष्ण जी की बहुत सी निन्दा करते हैं। जो यह भागवत न होता तो श्री कृष्ण जी के सदृष महात्माओं की झूठी निन्दा क्योंकर होतीं।’ महाभारत के अनुसार श्री कृष्ण जी की एक पत्नी थी-रूक्मिणी। वे बहुत उच्च कोटि के संयमी थे। उत्तम सन्तान की इच्छा से विवाह के पश्चात् वे तथा उनकी पत्नी रूक्मिणी बारह वर्ष तक ब्रह्मचारी रहे थे। उसके पश्चात् उन्हें जो पुत्र प्राप्त हुआ-प्रद्युम्न वह तेज और बल में श्री कृष्ण जी के समान था। श्री कृष्ण जी ने प्रजा हित में दुष्ट, अन्यायकारी, स्वेच्छाचारी राजा कंस का वध कर उसके धर्मात्मा, प्रजापालक पिता उग्रसेन को मथुरा का शासक बनाया। जरासंध, जिसने एक सौ के करीब धर्मात्मा, सदाचारी, परोपकारी राजाओं को बन्दी बना रखा था, को पाण्डवों की सहायता से समाप्त कर उन राजाओं को मुक्त करवाया। श्री कृष्ण जी की नीतिमत्ता तथा सूझबूझ से ही कम शक्ति के होते हुए भी पाण्डवों को कौरवों पर विजय प्राप्त हुई थी। पाण्डव जुए में हारकर वन को चले गए थे। जब श्री कृष्ण जी को पता लगा और तब वे उन्हें वन में मिलने गए। उन्होंने कहा- ‘मैं द्वारिका में न था, यदि होता तो हस्तिनापुर अवश्य आता और जुआ कभी न होने देता । धृतराष्ट्र और दुर्योधन को अनेक दोष दिखा कर जुए से रोकता।’ प्रजा में सर्वप्रिय हो जाने पर युधिष्ठिर ने राजसूय यज्ञ करने का विचार किया। उन्होंने अपने भाईयों से तथा व्यास आदि महात्माओं व सम्बन्धियों से सलाह मांगी। सभी ने सहमति प्रकट की। परन्तु युधिष्ठिर को तसल्ली न हुई उन्हें श्री कृष्ण जी पर ही भरोसा था। उन्हें ही वे सर्वश्रेष्ठ मानते थे। उन्होंने श्री कृष्ण जी को बुलवाकर कहा- ‘मेरे भाईयों और मित्रों ने राजसूय यज्ञ करने की सम्मति दी है, परन्तु मैंने आपसे पूछे बिना उसका निश्चय नहीं किया है। हे कृष्ण! कोई तो मित्रता के कारण मेरे दोष नहीं बताता, कोई स्वार्थवश मीठी मीठी बातें कहता है और कोई अपनी स्वार्थ सिद्धि को ही प्रिय समझता है। हे महात्मन्! इस पृथिवी पर ऐसे मनुष्य ही अधिक है। उनकी सम्मति लेकर कुछ काम नहीं किया जा सकता। आप उक्त दोषों से रहित हैं । इसलिए आप मुझे ठीक ठीक सलाह दें।’यह थी भगवान् श्री कृष्ण की महत्ता। भगवान् कृष्ण ने उत्तर दिया- ‘महान् पराक्रमी राजा जरासंघ के जीते रहते आपका राजसूय यज्ञ सफल नहीं हो सकता।’ राजसूय यज्ञ आरम्भ होने पर भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर से कहा कि उपस्थित राजाओं में से जो सबसे श्रेष्ठ हो उसे ही पहले अर्घ्य दिया जाना चाहिए। युधिष्ठिर ने भीष्म से ही पूछा कि ऐसा व्यक्ति कौन है जो पहले अर्घ्य पाने का पात्र है। इस पर भीष्म ने कहा- ‘जैसे सब ज्योतिमालाओं में सूर्य सबसे अधिक प्रकाशमान है वैसे ही इन सब राजाओं में श्री कृष्ण ही तेज, बल, पराक्रम में अति प्रकाशित दीख पड़ते हैं । अतः वे ही अर्घ्य के उपयुक्त पात्र हैं।’भीष्म की सम्मति के अनुसार युधिष्ठिर की आज्ञा पाकर सहदेव ने श्री कृष्ण जी को अर्घ्य प्रदान किया। शिशुपाल से श्री कृष्ण जी का यह सम्मान सहन न हुआ। उसने इस कार्य को अनुचित बताते हुए भीष्म, युधिष्ठिर और श्री कृष्ण के विरोध में बहुत कुछ कहा। तब भीष्म पितामह ने उसे शान्त करने के लिए श्री कृष्ण जी के अधिकारी होने के कारण उनके गुणों का वर्णन इस प्रकार किया- ‘यहां मैं किसी ऐसे राजा को नहीं देखता जिसे कृष्ण ने अपने अतुल तेज से न जीता हो। वेद-वेदांग का ज्ञान और बल पृथिवी के तल पर इनके समान किसी और में नहीं। इनका दान, कौशल, शिक्षा, ज्ञान, शक्ति, शालीनता, नम्रता, धैर्य और सन्तोष अतुलनीय है।….अतः ये अर्घ्य के पात्र हैं।’ श्री कृष्ण जी सदा सत्य और न्याय पर चलने वाले थे। वे रूढ़ियों और गलत बातों को स्वीकार न करते थे। वे क्रान्ति के अग्रदूत थे। आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने आत्मा की अमरता का, निष्काम कर्म करने का तथा कर्तव्य अकर्तव्य का उपदेश दिया जो गीता के रूप में हमारे सामने है। जैसे महाभारत में बहुत मिलावट हो गई है ऐसे ही गीता में भी है जिससे सावधान रहने की जरूरत है। गीता महाभारत का ही एक भाग है। -कृष्ण चन्द्र गर्ग

Wednesday, August 22, 2018

कविता


इण्डिया ले गया आजादी को, बंदी अभी तक भारत है , 
बिगड़ चुकी है भाषा, भूषा, चरित्र हुआ यहाँ गारत है !
श्रम को तो सम्मान नही, माँड़लिगं पर ईनाम मिले ,
इतिहासकारो ने गुल खिलाये, देशभक्त गुमनाम मिले !
धुल भरा हीरा है भारत, इण्डिया रहे आसमानों में ,...
भारत के तन पर फटे चीथड़े, इण्डिया विदेशी परिधानों में 
देह प्रदर्शन करती नारी, ऋषि संस्कृति का कर उपहास 
काम शिक्षा की वकालत कर शिक्षा का किया सत्यानाश !
चील और कव्वे का भोजन खाने लगे इण्डिया के लोग 
धर्म मोछ सब छूट गये सबको लगा पैसे का रोग !
भारत लड़ता आतंकवाद से, इण्डिया करता समझोते ,
यदि समय पर जाग जाते तो, पाक के मालिक हम होते !
वह देश धरा से मिट जाता है, भूले जो अपने बलिदान ,
निज सस्कृति भाषा-भूषा का, जिसको नही तनिक अभिमान !
इसिलिय कहता हूँ सुन लो , ओं इण्डिया के मतवालों ,
भारत को भारत रहने दो, घर में विषधर मत पालो !
युगों - युगों से चलती आई , धारा कभी न सूखेगी ,
ऋषि संस्कृति के हत्यारों ! फिर पीढ़ी तुम पर थुकेगी !! :- Ami Arya

Thursday, April 26, 2018

सन्यासी की पहचान ॥


एक सन्यासी की पहचान॥

जगह जगह सच्चे सन्यासी की खोज में एक बार स्वामी दयानंद सरस्वती जी की एक महन्त से भेंट हुई, महन्त स्वामी जी के तेज को देखकर उन पर लट्टू हो गया, उसने 
कहा, "यदि आप हमारे शिष्य हो जाइए तो हम आप को अपनी गद्दी का मालिक बना देंगे, आपको हाथ में लाखो रुपये की जायदाद हो 
जायेगी, आप महन्त कहलाइयेगा, सैंकड़ो आदमी आपकी सेवा में हाजिर रहेंगे, और जन्मभर आप आनंद से जीवन बिताएंगे. "

इस पर स्वामी जी ने हंसकर उत्तर दिया,

भाई मेरे पिताजी की जायदाद आपकी जायदाद से कई गुना बड़ी है, जब मैं उसे लात मार कर चला आया हूँ तो आपकी जायदाद को मैं 
क्या समझता हूँ। आप न स्वयं ठीक रास्ते पर चलते है और न दुसरों को चलने देते है। चेला बनना तो दूर रहा मैं एक दिन भी आपके साथ 
नहीं रह सकता. -केदारनाथ गुप्त।

इस लेख में कई बाते छुपी है, पढ़कर अच्छा लगा।

Sunday, April 22, 2018

ईश्वर के अस्तित्व की वैज्ञानिकता॥ - आचार्य अग्निव्रत नैष्ठिक

#ईश्वर_के_अस्तित्व_की_वैज्ञानिकता - 1

हम ईश्वर तत्व पर निष्पक्ष वैज्ञानिक दृष्टि से विचार करते हैं। हम संसार के समस्त ईश्वरवादियों से पूछना चाहते हैं कि क्या ईश्वर नाम का कोई पदार्थ इस सृष्टि में विद्यमान है, भी वा नही? जैसे कोई अज्ञानी व्यक्ति भी सूर्य, चन्द्र, पृथिवी, जल, वायु, अग्नि, तारे, आकाशगंगाओं, वनस्पति एवं प्राणियों के अस्तित्व पर कोई शंका नहीं करेगा, क्या वैसे ही इन सब वास्तविक पदार्थों के मूल निर्माता व संचालक ईश्वर तत्व पर सभी ईश्वरवादी शंका वा संदेह से रहित हैं? क्या संसार के विभिन्न पदार्थों का अस्तित्व व स्वरूप किसी की आस्था व विश्वास पर निर्भर करता है? यदि नहीं तब इन पदार्थों का निर्माता माने जाने वाला ईश्वर क्यों किसी की आस्था व विश्वास के आश्रय पर निर्भर है? हमारी आस्था न होने से क्या ईश्वर नहीं रहेगा? हमारी आस्था से संसार का कोई छोटे से छोटा पदार्थ भी न तो बन सकता है और न आस्था के समाप्त होने से किसी पदार्थ की सत्ता नष्ट हो सकती है, तब हमारी आस्थाओं से ईश्वर क्योंकर बन सकता है और क्यों हमारी आस्था समाप्त होने से ईश्वर मिट सकता है ? क्या हमारी आस्था से सृष्टि के किसी भी पदार्थ का स्वरूप बदल सकता है? यदि नहीं, तो क्यों हम अपनी-२ आस्थाओं के कारण ईश्वर के रूप बदलने की बात कहते हैं? संसार की सभी भौतिक क्रियाओं के विषय में कहीं किसी का विरोध नहीं, कहीं आस्था, विश्वास की बैसाखी की आवश्यकता नहीं, तब क्यों ईश्वर को ऐसा दुर्बल व असहाय बना दिया, जो हमारी आस्थाओं में बंटा हुआ मानव और मानव के मध्य विरोध, हिंसा व द्वेष को बढ़ावा दे रहा है। हम सूर्य को एक मान सकते हैं, पृथिवी आदि लोकों, अपने-२ शरीरों को एक समान मानकर आधुनिक भौतिक विद्याओं को मिलजुल कर पढ़ व पढ़ा सकते हैं, तब क्यों हम ईश्वर और उसके नियमों को एक समान मानकर परस्पर मिलजुल कर नहीं रह सकते? हम ईश्वर की बनाई हुई सृष्टि एवं उसके नियमों पर बिना किसी पूर्वाग्रह के संवाद व तर्क-वितर्क प्रेमपूर्वक करते हैं, तब क्यों इस सृष्टि के रचयिता ईश्वर तत्व पर किसी चर्चा, तर्क से घबराते हैं? क्यों किचित् मतभेद होने मात्र से फतवे जारी करते हैं, आगजनी, हिंसा पर उतारू हो जाते हैं। क्या सृष्टि के निर्माता ईश्वर तत्व की सत्ता किसी की शंका व तर्क मात्र से हिल जायेगी, मिट जायेगी ? यदि ईश्वर तर्क, विज्ञान वा विरोधी पक्ष की आस्था व विश्वास तथा अपने पक्ष की अनास्था व अविश्वास से मिट जाता है, तब ऐसे ईश्वर का मूल्य ही क्या है? ऐसा परजीवी, दुर्बल, असहाय, ईश्वर की पूजा करने से क्या लाभ? उसे क्यों माना जाये? क्यों उस कल्पित ईश्वर और उसके नाम से प्रचलित कल्पित धर्मों में व्यर्थ माथापच्ची करके धनसमय व श्रम का अपव्यय किया जाये?

-आचार्य अग्निव्रत नैष्ठिक (वैदिक वैज्ञानिक)
("वेदविज्ञान-अलोक:" से उद्धृत)